जयपुर, उदयपुर। उदयपुर से स्पाइसजेट ने दिसंबर के तीसरे हफ्ते में 5 एक्स्ट्रा फ्लाइट्स चलाने की घोषणा की है। एयरलाइन ने 17 से 22 दिसंबर के बीच दिल्ली और मुंबई रूट flights from Delhi-Mumbai route पर टेम्परेरी नई फ्लाइट्स सिस्टम में डाल दी हैं। यह पूरा शेड्यूल ट्रैवल डिमांड बढ़ने के समय ही ऑपरेट होगा। यह एक तरह की सीजनल एडिशनल सर्विस है। उदयपुर से दिल्ली-मुंबई के लिए स्पाइसजेट की रोजाना एक फ्लाइट चलती है।
उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट से 6 प्रमुख शहरों (दिल्ली, मुंबई, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद और इंदौर) के लिए 24 फ्लाइट चलती हैं। इस नई सर्विस से दिल्ली और मुंबई दोनों तरफ के यात्रियों के लिए ऑप्शन बढ़ेंगे और पिक डेट्स पर सीटों की उपलब्धता में थोड़ी राहत मिलेगी।
स्पाइसजेट ने इस सीजन के लिए सबसे पहली फ्लाइट 17 दिसंबर को खोली है। SG 9235 उदयपुर से दिल्ली के लिए शाम 5.30 बजे उड़ान भरेगी। 7.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस फ्लाइट में स्पाइसजेट Q-400 एयरक्राफ्ट (90 सीट) का इस्तेमाल करेगा। यह वही रूट है जहां सीजन में बुकिंग का दबाव अक्सर बढ़ जाता है, इसलिए एक अतिरिक्त विकल्प यात्रियों को राहत देने वाला साबित हो सकता है।
इसके बाद 19 दिसंबर को दो और फ्लाइट्स जोड़ी गई हैं। पहली, SG 9220, उदयपुर से दिल्ली के लिए दोपहर 2.20 बजे रवाना होगी और 3.50 बजे पहुंचेगी। वहीं, SG 9211 शाम 4.30 बजे उदयपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी और 6.20 बजे पहुंचेगी। इन दोनों रूट्स पर बोइंग 737-800 (189 सीट) लगाया गया है, यानी यह पूरी क्षमता वाली मुख्य लाइन सर्विस है।
सीजन की सबसे हाई-डिमांड तारीख 22 दिसंबर पर भी स्पाइसजेट ने दो नई उड़ानें खोली हैं। SG 9212 सुबह 10 बजे मुंबई से उदयपुर आएगी और 11.30 बजे लैंड करेगी। वहीं SG 9221 दिल्ली से दोपहर 12.10 बजे रवाना होकर 1.40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। दोनों पर बोइंग 737-800 ही चलेगा।
इन सभी उड़ानों को डायरेक्ट रूट पर रखा गया है और सिर्फ एक-एक दिन के लिए ऑपरेशन में होंगी। यह सभी एयरलाइन के शेड्यूल में दर्ज है। ट्रैवल एजेंटों का कहना है कि दिसंबर में शादी सीजन, पर्यटन और क्रिसमस-न्यू ईयर की वजह से उदयपुर की उड़ानों में तेजी आती है। इसी दबाव को देखते हुए एयरलाइनें अस्थायी तौर पर कुछ स्लॉट खोलती हैं। स्पाइसजेट का यह कदम उसी ट्रैफिक को संभालने की तैयारी माना जा रहा है।






